जशपुरनगर, 29 जुलाई 2025 / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से क्रियान्वित किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत जशपुर जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले के 12 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण और उन्नयन कार्यों के लिए कुल 41 करोड़ 81 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में आवागमन की स्थिति में व्यापक सुधार आएगा। ग्रामीण संपर्क मार्गों के सुदृढ़ होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। इससे किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज तक सुरक्षित और तेज़ आवाजाही का विकल्प मिलेगा, वहीं व्यापारियों और आम नागरिकों के लिए भी जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।

जिले के जिन 12 मार्गों के लिए यह स्वीकृति प्रदान की गई है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:

  1. मसरी घाट से झरन मार्ग – 1 करोड़ 33 लाख 44 हजार रुपए की स्वीकृति दी गई है।
  2. साहीलता से पुराइनबंध पहुंच मार्ग – इसके लिए 2 करोड़ 89 लाख 98 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
  3. अटल चौक घुमरा से ओडिशा सीमांत किलकिला मार्ग – 2 करोड़ 1 लाख 97 हजार रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
  4. मुख्य मार्ग कुंजारा बोराटोंगरी से डोंगाअम्बा पहुंच मार्ग – इस पर 2 करोड़ 74 लाख 97 हजार रुपए खर्च होंगे।
  5. एनएच-43 मुख्य मार्ग से बोडाटोंगरी पहुंच मार्ग – इसके लिए 1 करोड़ 18 लाख 48 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
  6. जामपानी से बरपानी पहुंच मार्ग – इस मार्ग के लिए 3 करोड़ 21 लाख 93 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं।
  7. मकरीबंधा से भलमंडा (झारखंड सीमा) मार्ग – 3 करोड़ 46 लाख 78 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई है।
  8. कड़ेलकछार से जुनाडीह मोहल्ला तक का मार्ग – इसके लिए 1 करोड़ 69 लाख 17 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है।
  9. पोटकोसेमर सजापानी केंदपानी से कार्रदंड दुलदुला पहुंच मार्ग – इस मार्ग के लिए 5 करोड़ 83 लाख 81 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
  10. लोरोदफा से गढ़ारामबंद होते हुए जामपानी तक का मार्ग – इसके लिए 5 करोड़ 48 लाख 48 हजार रुपए का प्रावधान किया गया है।
  11. छेरडांड से टुकुटोली पहुंच मार्ग – 5 करोड़ 48 लाख 2 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
  12. ठूठीअंबा से कादोपानी (झारखंड सीमा) तक पहुंच मार्ग – इसके लिए 5 करोड़ 95 लाख 62 हजार रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इन सभी सड़कों के निर्माण और उन्नयन का उद्देश्य जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। सड़क संपर्क बेहतर होने से जहां एक ओर स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलेंगी, वहीं दूसरी ओर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक तेजी से पहुंचाया जा सकेगा।

प्रदेश सरकार की यह पहल यह दर्शाती है कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में सरकार ग्रामोन्मुखी विकास नीति को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू कर रही है। इस योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, जिससे क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक प्रगति के नए द्वार खुलेंगे।

सड़क निर्माण के अलावा प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अधोसंरचना विकास जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर कार्य कर रही है। जशपुर जिले में पुल-पुलियों, विद्यालय भवनों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण कार्य भी तीव्र गति से चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जशपुर जिला निरंतर विकास की दिशा में अग्रसर है और आने वाले समय में यह जिले की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को और सुदृढ़ करेगा। जिलेवासियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है और इसे जिले के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You missed