रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि “एक अच्छे अधिकारी की पहचान केवल फाइलों तक सीमित नहीं होती, बल्कि उसकी संवेदनशीलता, फील्ड में सक्रिय मौजूदगी और जनता की संतुष्टि से तय होती है।” उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता और सरकार के बीच की सबसे अहम कड़ी होते हैं, इसलिए प्रशासनिक दक्षता के साथ मानवीय दृष्टिकोण को भी बनाए रखना आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का सही लाभ तब तक नहीं मिल सकता जब तक अधिकारी खुद फील्ड में जाकर जमीनी स्थिति का आंकलन न करें। उन्होंने कहा कि “किसी भी नीति या योजना की सफलता उसी समय सुनिश्चित होती है जब अधिकारी उसे जनभागीदारी से जोड़कर क्रियान्वित करते हैं।” उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं को जनता तक सहज, पारदर्शी और ईमानदारी से पहुँचाने में अपनी भूमिका कोपूरी जिम्मेदारी से निभाएँ।साय ने यह भी कहा कि जनता से संवाद ही अच्छे प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है। एक अधिकारी यदि जनता की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनता है और समय पर समाधान करता है, तो वही असली जनसेवक कहलाता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का प्रभाव तभी दिखेगा जब नागरिकों को प्रशासन पर भरोसा महसूस होगा।मुख्यमंत्री ने कॉन्फ्रेंस को एक सार्थक पहल बताते हुए कहा कि इस दो दिवसीय कार्यक्रम ने अधिकारियों को अनुभव साझा करने, नीतियों पर विचार-विमर्श करने और बेहतर प्रशासनिक दृष्टिकोण अपनाने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन के माध्यम से अधिकारियों में जिम्मेदारी, नवाचार और जनता के प्रति संवेदनशीलता की भावना और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी भूमिका एक मिशन की तरह निभानी होगी। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि “जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी है, और इस विश्वास को बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है।”इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय प्रमुख और विभिन्न जिलों से आए अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक जनमुखी बनाने के सुझाव दिए। सम्मेलन का समापन मुख्यमंत्री के प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुआ, जिसने अधिकारियों में नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का संचार किया। Advertisement Carousel × पोस्ट नेविगेशन *प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों के लिए 41 हजार करोड़ रूपए से अधिक की दो नई योजनाओं का किया शुभारंभ* मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बन रहे अत्याधुनिक स्टेडियम और खेल अकादमियां, निखरेंगी खेल प्रतिभाएं, खिलाड़ियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*