
कुनकुरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज कुनकुरी के छठ घाट पहुंचे और श्रद्धा व आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से लगातार कुनकुरी में छठ पूजा में शामिल होते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। छठ मईया से प्रार्थना है कि प्रदेश में खुशहाली, समृद्धि और शांति बनी रहे।छठ घाट पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने पारंपरिक गीतों के साथ पूजा संपन्न की। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुनकुरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने छठ घाट के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “छठ पूजा हमारी संस्कृति और लोक आस्था का अद्भुत उदाहरण है। मैं हर वर्ष यहाँ आकर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस करता हूँ। यह परंपरा मैं आगे भी जारी रखूँगा।”इस अवसर पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरा माहौल श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरा रहा।
R.O.No-13467/ 67
प्रातिक्रिया दे