कुनकुरी को मिला विद्युत अधोसंरचना का बड़ा उपहार, हर्राडांड में बनेगा प्रदेश का पांचवां सबसे बड़ा सबस्टेशन

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जशपुर जिले में तेजी से हो रहा बिजली व्यवस्था का सशक्तिकरण

400/220 केवी के मेगा सबस्टेशन से सैकड़ों गांवों को मिलेगी स्थायी और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले की अधोसंरचना को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड में 400/220 केवी क्षमता वाला मेगा सबस्टेशन स्थापित किया जा रहा है। यह सबस्टेशन छत्तीसगढ़ का पांचवां सबसे बड़ा सबस्टेशन होगा, जिसकी स्थापना से पूरे संभाग की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इस परियोजना से बिजली आपूर्ति में स्थायित्व आएगा, वोल्टेज की गुणवत्ता सुधरेगी और ट्रिपिंग जैसी परेशानियों में कमी आएगी। खासकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे कृषि, घरेलू और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही औद्योगिक निवेश की संभावनाएं भी सशक्त होंगी, क्योंकि नई इकाइयों को अब विश्वसनीय और स्थायी ऊर्जा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि जिले के हर गांव, हर घर और हर खेत तक गुणवत्ता युक्त बिजली पहुंचे। 400 केवी क्षमता वाला यह सबस्टेशन इस दिशा में एक ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

इसके अलावा, जिले के अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत अधोसंरचना को सशक्त करने के लिए 132/33 केवी क्षमता वाले सबस्टेशनों को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें बगीचा, झिकी और फरसाबहार प्रमुख हैं। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हर्राडांड में स्थापित होने वाला यह ग्रिड जशपुर जिले में पहली बार 400 केवी क्षमता उपलब्ध कराएगा, जिससे क्षेत्र में पावर लोड का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

यह परियोजना जशपुर जिले के लिए न केवल तकनीकी दृष्टि से, बल्कि सामाजिक और आर्थिक रूप से भी एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

You missed